रौन के बहादुरपुरा गोलीकांड:पुलिस ने चार लोगों को बनाया था आरोपी, दो आरोपी हत्या मामले में पकड़े

रौन थाना क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुरा में मंगलवार रात आग तापने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक गोलीकांड में बदल गया। कहासुनी बढ़ने पर पड़ोस के दो भाइयों ने कट्टे से फायर कर दिया। घटना में 19 वर्षीय राज सिंह भदौरिया की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय मयंक बघेल और 20 वर्षीय पिंकी बघेल गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया है। टीआई रौन राजवीर गुर्जर के अनुसार, घटना के बाद चार लोगों को आरोपी बनाकर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इस दौरान पुलिस को दोनों मुख्य आरोपियों के बारे में सुराग मिले और कई टीमें दबिश के लिए भेजी गईं। बुधवार सुबह पुलिस ने अभिषेक पुत्र शेर सिंह और मिलन पुत्र शेर सिंह को विसेनेपुरा रोड स्थित मजार के पास बघेली से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से 315 बोर का देसी कट्टा और एक जिंदा राउंड जब्त किया गया। इसके अलावा घटना स्थल से 315 बोर के तीन खाली खोखे भी बरामद हुए थे, जो फायरिंग की पुष्टि करते हैं। टीआई के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांव में आग तापने को लेकर दोनों पक्षों में मामूली विवाद हुआ था। गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली राज सिंह भदौरिया को लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हुए। रौन थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 244/25 धारा 103(1), 109(1), 296(बी), 3(5), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द हिरासत में लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *