खरगोन | शहर के नर्मदा नगर में शनिवार रात करीब सवा दो बजे एक सिरफिरे कार चालक ने घरों के सामने खड़ी दो कारों को दूर तक धकेल दिया। आरोपी ने एक कार को अपनी कार से धक्का देते हुए नाली में धकेल दिया। इस घटना की जानकारी कॉलोनीवासियों को रविवार सुबह पता चली। इसके बाद संबंधित गली में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। इसमें पता चला कि घटना रात करीब सवा दो बजे की है और आरोपित कार चालक ने दो कारों के पीछे अपनी कार लगाकर उन्हें धकाया है। सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी अनुसार कार क्रमांक एमपी 10 सीबी 2013 के चालक ने उक्त घटना को अंजाम दिया है। आरोपी कार चालक ने नितिन अग्रवाल के घर के सामने खड़ी उनकी कार क्रमांक एमपी 10 सीए 4630 को करीब 15 फीट तक घसीट कर नाली में धकेल दिया। वहीं परसराम चौहान की कार क्रमांक एमपी 10 जेडजी 1056 को भी धका कर करीब 12 फीट दूर तक ले गया, जबकि कार में हेंड ब्रेक लगा था और गैर भी लगा हुआ था। संबंधित वाहन मालिकों ने इस घटना की जानकारी व सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।


