सिरोही में टैंकर-ट्रेलर भिड़ंत में ड्राइवर केबिन में फंसा:काफी मशक्कत के बाद निकाला बाहर, हाईवे पर आधे घंटे तक लगा जाम

उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भुजेला के पास एक टैंकर और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत हो गई। सड़क के बीच पौधों को पानी दे रहे एलएंडटी के टैंकर में पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रेलर ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। जानकारी के अनुसार एलएंडटी का टैंकर फोरलेन पर सड़क के डिवाइडर पर लगे पौधों को पानी पिला रहा था। इसी दौरान उसके पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर टैंकर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर उसी में फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही एलएंडटी कंपनी के कर्मचारी और रोहिड़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन से ट्रेलर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल ड्राइवर की पहचान डीडवाना निवासी रंजीत के रूप में हुई है। उसे एलएंडटी की एंबुलेंस से प्राथमिक उपचार के लिए स्वरूपगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब पौन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एलएंडटी कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त टैंकर और ट्रेलर को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि सड़क के दूसरी तरफ कोई अन्य छोटा वाहन या एलएंडटी कंपनी का कर्मचारी मौजूद नहीं था, अन्यथा यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *