जालौर-सिरोही के सांसद लुंबाराम चौधरी ने बुधवार को सिरोही नगर परिषद में चल रहे शहरी सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। शिविर में कई अव्यवस्थाएं पाई गईं। सांसद ने एल एंड टी, रूडीप, पीडब्ल्यूडी और पीएचडी के अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। चौधरी ने कलेक्टर अल्पा चौधरी से फोन पर बात कर शिविर की समस्याओं के समाधान के लिए कहा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी ली। शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए गए। शिविर में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विवाह पंजीकरण और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। सांसद ने विभिन्न स्टॉल का निरीक्षण कर मौजूद लोगों से फीडबैक लिया।
चौधरी ने कहा कि सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में शहरी सेवा शिविर एक महत्वपूर्ण पहल है। लोग अपनी समस्याओं का समाधान सीधे यहां करवा सकते हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौर, नरपत सिंह राणावत सहित कई पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


