सिर्फ 12.87% अभ्यर्थी सफल रहे, योग्य अभ्यर्थी के अभाव में अब भी 237 पद रिक्त, शिक्षकों की नियुक्ति दो कोटि के परिणाम से हो रही…

भास्कर न्यूज | चाईबासा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के तहत भाषा विषय का अंतिम परिणाम गुरुवार रात्रि जारी कर दिया गया। प्रथम चरण में जारी रिजल्ट के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य कक्षा छह से आठवीं के अंतर्गत गणित व विज्ञान विषय में कुल 57 शिक्षकों का चयन अंतिम रूप से किया गया था, जिनकी काउंसेलिंग 12 अगस्त से होने वाली है। वहीं, दूसरे चरण में गुरुवार रात्रि को पश्चिमी सिंहभूम जिले के लिए 35 भाषा विषय के सफल अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई। भाषा विषय में जिले में कुल रिक्ति 272 पद थी, जिसमें पारा शिक्षकों के लिए 132 पद एवं गैर पारा शिक्षकों के लिए 140 पद निर्धारित था। इस प्रकार देखा जाए तो मात्र 12.57% ही रिजल्ट हो पाया। कुल 237 पद खाली यानी 87.13% पद के लिए योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले। शिक्षकों की नियुक्ति दो कोटि के परिणाम से हो रही है, यानि पारा व गैर पारा। पारा शिक्षक की कोटि में अनारक्षित पद से एक मात्र सफल अभ्यर्थी की नियुक्ति भाषा विषय में हुई है। वहीं, गैर-पारा कोटि से कुल 34 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिनकी नियुक्ति भाषा विषय में होगी। गैर-पारा के अंतर्गत सफल अभ्यार्थियों में अनारक्षित कोटि से 32 एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से मात्र 2 अभ्यर्थी को सफल घोषित किया गया है। इस प्रकार से 35 सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति शिक्षक पद पर होने वाली है। मालूम हो कि या नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रही है। सुप्रीम कोर्ट ने 14 अगस्त तक रिजल्ट प्रकाशन व नियुक्ति के लिए डेडलाइन दे दी है। अन्यथा झारखंड के मुख्य सचिव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, प्राथमिक शिक्षा निर्देशक व झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के पदाधिकारियों को 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सशरीर उपस्थित होने का आदेश दिया गया है। जिसके आलोक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के द्वारा जिले के संबंधित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द प्रक्रिया समाप्त करने का दिशा-निर्देश दिया गया है। जिसके कारण विज्ञान व गणित विषय के 56 सफल अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग 12 अगस्त को निश्चित है। संभावना है कि 13 अगस्त से भाषा विषय के सफल अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग शुरू हो जाएगी। आगामी दो से चार दिनों के अंदर तीसरे चरण में स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य कक्षा छठवीं से आठवीं सामाजिक विज्ञान एवं चौथे चरण में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य कक्षा पहली से पांचवी के सफल अभ्यार्थियों के रिजल्ट का प्रकाशन संभव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *