इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र में शनिवार रात एक युवक की मौत हो गई, जिसे पड़ोसियों के बीच कहासुनी के दौरान सीमेंट के ब्लॉक से सिर पर वार करके घायल किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बब्बर पुत्र जगन्नाथ मोरले (सिंकदराबाद कॉलोनी) का बिट्टू उर्फ साबिर और अल्फास उर्फ अल्लू से विवाद हो गया था। आरोपियों ने बब्बर के सिर पर सीमेंट का ब्लॉक फेंका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बब्बर को पास में खड़े व्यक्ति सुनील ने एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुनील ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम करीब 4 बजे वह पानी पतासे की दुकान पर खड़ा था, तभी बब्बर किसी महिला से बात कर रहा था। आरोपियों ने बब्बर को कुछ कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव किया और दोनों को घर भेज दिया। इसके बाद बब्बर ने अपने बेटे को बुलाया, और इस दौरान आरोपियों ने छत से सीमेंट का ब्लॉक फेंका, जो बब्बर के सिर पर लगा और वह गिर पड़ा। बाद में बब्बर को बेटे और पत्नी के साथ एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।


