भास्कर न्यूज | लुधियाना मोती नगर इलाके में बदमाशों ने तेजधार हथियारों से एक सिलाई मशीन फैक्ट्री पर हमला कर मालिक, उनके भाई और भांजे को घायल कर दिया। घटना तब शुरू हुई जब फैक्ट्री मालिक वरिंदर कुमार का भांजा ऋषि पास की दुकान पर एक बच्चे की पिटाई का विरोध कर रहा था। आरोपी युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर ऋषि पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए ऋषि फैक्ट्री के अंदर भागा, लेकिन हमलावर हथियारों के साथ अंदर घुस गए। बीच-बचाव करने आए वरिंदर और उनके बड़े भाई नरिंदर कुमार पर भी बदमाशों ने हमला किया, जिससे नरिंदर के सिर में गंभीर चोट आई है। आरोपी जाते-जाते फैक्ट्री के बाहर खड़े वाहनों (स्कूटर, बाइक और ऑटो) में भी तोड़फोड़ कर गए। घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया है। थाना मोती नगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है।


