सिवनी में अंतर्राज्यीय गिरोह के 2 चोर गिरफ्तार:एक रात में दो जगह चोरी की; शराब दुकान में चोरी करने से पहले पकड़ाए

सिवनी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर एक ही रात में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पकड़े गए चोर शराब दुकान में चोरी की तैयारी भी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। एक ही रात में दो जगह चोरी की कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि 25 दिसंबर को बुधवारी बाजार क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की शिकायतें दर्ज हुई थीं। पहली शिकायत मोहम्मद अरशद ने की थी। उन्होंने बताया कि ईदगाह मस्जिद के पास शंकर मढ़िया कॉम्प्लेक्स की दुकान नंबर 13 का ताला तोड़कर चोर करीब 6 हजार रुपये ले गए। दूसरी शिकायत शंभू दयाल दीक्षित ने की, जिसमें शंकर मढ़िया मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी से 3500 रुपये चोरी होने की बात सामने आई। इसी रात चोरों ने दीपक खाद-बीज केंद्र का शटर तोड़ने का प्रयास भी किया था। रेलवे स्टेशन के पास पकड़े गए आरोपी एसपी सुनील मेहता के निर्देश पर चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घूम रहे दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सुनील उर्फ बादशाह शिववंशी और परवीन उर्फ रवि मरकाम के रूप में हुई। चोरी का सामान और औजार बरामद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शंकर मढ़िया मंदिर और पास की दुकान में चोरी करना स्वीकार किया। उनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, कटर और कुल 9500 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे बुधवारी शराब दुकान में चोरी की योजना बना रहे थे। पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस के अनुसार, सुनील उर्फ बादशाह शिववंशी के खिलाफ मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में चोरी, नकबजनी, मारपीट और अन्य मामलों सहित कई प्रकरण दर्ज हैं। वहीं परवीन उर्फ रवि मरकाम के खिलाफ भी दोनों राज्यों में चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम की अहम भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी के साथ उपनिरीक्षक जयशंकर उइके, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी, जसवंत ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनोज पाल, चंद्रप्रकाश अडमें, पंकज सोलंकी और मिथिलेश उइके की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *