सिवनी जिले में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता से मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। वे सुबह 8:58 बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे और ठीक 9:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में पुलिस और होमगार्ड सहित विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो समारोह का मुख्य आकर्षण होंगी। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को दर्शाती झांकियां भी निकाली जाएंगी। समारोह के अंत में, उल्लेखनीय कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर शीतला पटले ने आदेश जारी कर सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय-ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को 25 एवं 26 जनवरी की रात्रि में प्रकाश से सुसज्जित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, 26 जनवरी को जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शीतला पटले ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा-24 के अंतर्गत संपूर्ण सिवनी जिले में मदिरा विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इस दिन सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानें और संबंधित इकाइयां बंद रहेंगी।


