सिवनी जिले में शीतलहर का असर बना हुआ है। इसी बीच, आदेगांव थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था, मौत का कारण डॉक्टरों ने ठंड बताया है। जिले में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि, शनिवार को तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई। अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बादल छंटने के बाद शीतलहर और तेज होगी, जिससे पारा और नीचे गिरेगा तथा कड़ाके की ठंड का असर बढ़ेगा। सर्द हवाओं से बुजुर्गों व बच्चों पर बढ़ा स्वास्थ्य खतरा डॉक्टरों ने दिसंबर और जनवरी महीने में चलने वाली सर्द हवाओं के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर ने बताया कि शीतलहर का प्रभाव बुजुर्ग और पांच साल से छोटे बच्चों पर अधिक होता है। डॉ. ठाकुर ने दिव्यांगजनों, बेघर व्यक्तियों, दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों और खुले क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को भी शीतलहर के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बंद कमरों में हीटर या फायरपॉट के उपयोग से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया और लोगों को ऐसे प्रयोगों से बचने, गर्म वस्त्रों का उपयोग करने और लंबे समय तक ठंड में रहने से बचने को कहा। टीआई बोले- ठंड से अज्ञात व्यक्ति का शव मिला शीतलहर के दौरान नाक बहना, नाक बंद होना या नाक से खून आना जैसे लक्षण सामान्य हैं, जिनके लिए तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही गई। आदेगांव थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि शुक्रवार सुबह पिपरिया गांव में पानी टंकी के पास स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति को ठंड से कांपते हुए देखा था। लोगों ने उसे गर्म कपड़े भी दिए थे। हालांकि, सुबह लगभग 8 बजे उसका शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने अज्ञात व्यक्ति की मौत का कारण ठंड लगना बताया है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।


