सिवनी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण छपारा स्थित भीमगढ़ संजय सरोवर बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। सोमवार सुबह 9 बजे से वैनगंगा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते निचले इलाकों में सतर्कता अलर्ट जारी किया गया है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री उदय मर्सकोले ने बताया कि बांध में लगातार जल की आवक हो रही है। इसी कारण लगभग 305 क्यूसेक पानी वैनगंगा नदी में छोड़ा जा रहा है। भीमगढ़ संजय सरोवर बांध के गेट खोले जाने का असर बालाघाट और महाराष्ट्र के गोंदिया-भंडारा में वैनगंगा नदी पर भी देखने को मिलेगा। इसे देखते हुए बालाघाट और गोंदिया में भी अलर्ट जारी किया गया है। सिवनी जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और रपटों के ऊपर से पानी बह रहा है। रविवार को दिन में एक घंटे तेज बारिश हुई थी और सोमवार सुबह से भी बारिश जारी है।


