जयपुर के कटेवा नगर गुर्जर की थड़ी निवासी मोतीलाल सैनी के घर में महिलाओं के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर माली सैनी महासभा ने विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को महासभा की ओर से सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल शर्मा का पुतला फूंका गया। माली सैनी महासभा के महामंत्री सागर मावर ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी की गैरमौजूदगी में समाज की महिलाओं के साथ मारपीट और सड़क पर घसीटने जैसी घटनाएं अलोकतांत्रिक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में विधायक गोपाल शर्मा और पुलिस की मिलीभगत से घटना को अंजाम दिया गया। मावर ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि समाज एकजुट होकर इस घटना का कड़ा विरोध करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर सरकार और प्रशासन उनकी मांगों को नहीं मानता है, तो यह आंदोलन प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। यह प्रदर्शन महिला अधिकारों की रक्षा और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है। प्रदर्शन में माली सैनी महासभा के उपाध्यक्ष एडवोकेट मनोज अजमेरा, बाबूलाल सैनी, भंवरलाल सैनी, विनीत सांखला, महामंत्री सुरेश सैनी, सचिव लालचंद सैनी, यूथ विंग अध्यक्ष अमित सैनी, कार्यकारी अध्यक्ष किरोड़ीलाल सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महासभा ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


