सीआरपीएफ जवान पर जमीन कब्जाने का आरोप:वर्दी की आड़ में डरा-धमका रहा, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

श्योपुर जिले की वीरपुर तहसील के ग्राम पांचो कॉलोनी के ग्रामीणों ने एक सीआरपीएफ जवान और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जवान वर्दी की आड़ में जमीन कब्जाने और उन्हें डराने-धमकाने का काम कर रहा है। सोमवार को एक निजी होटल में प्रेसवार्ता कर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पांचो कॉलोनी निवासी भगवत सिंह जादौन, पदम सिंह, जितेंद्र सिंह और देवेंद्र जादौन ने बताया कि गांव के गजराज सिंह जादौन और उनके बेटे मोहर सिंह जादौन (जो सीआरपीएफ में पदस्थ हैं) अपने परिजनों लक्ष्मण सिंह और पदम सिंह जादौन के साथ मिलकर जमीनों पर फर्जी पट्टे बनवाकर कब्जा कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस परिवार ने अब तक लगभग 20 ग्रामीणों की जमीनों पर अवैध कब्जा किया है। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दी जाती है। आरोप है कि मोहर सिंह छुट्टी पर गांव आने के दौरान सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर आता है और उसका रौब दिखाकर लोगों को डराता है। पीड़ित भगवत सिंह ने बताया कि उनकी करीब 8 बीघा भूमि मुरैना–श्योपुर रोड पर है, जबकि आरोपियों की जमीन पीछे है। रास्ता न होने के बावजूद आरोपी जबरन उनकी जमीन से रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं। भगवत सिंह ने यह भी कहा कि सीमांकन के दौरान कई बार रिपोर्ट उनके पक्ष में आई, लेकिन आरोपी परिवार वर्दी की आड़ में अधिकारियों को गुमराह कर देता है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त परिवार पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें महिलाओं से अभद्रता और मारपीट जैसे आरोप शामिल हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग दोहराई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *