सीआरपीएफ ने पुसपाल वैली में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया:मुकाबले में 16 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार मिला

सीआरपीएफ की 188वीं बटालियन ने पुसपाल वैली में तीन दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। कमांडेंट भवेश चौधरी के निर्देशन में 28 फरवरी से 2 मार्च तक चली यह प्रतियोगिता लगातार पांचवीं बार आयोजित की गई, जिसमें कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के दौरान मैदान पर काफी रोमांच देखने को मिला। चौकों और छक्कों की बारिश ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबला टीम भेजा और टीम परोदा के बीच खेला गया, जिसमें परोदा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी और 5 हजार रुपए की सम्मान राशि दी गई। मैन ऑफ द सीरीज़, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। स्थानीय बच्चों और कलाकारों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दूर-दराज़ से आए सैकड़ों ग्रामीणों के बीच साड़ी और लुंगी का वितरण भी किया गया, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर 188वीं बटालियन द्वारा निर्मित प्याऊ (पानी का स्टैंड) का उद्घाटन किया गया। साथ ही, ग्रामीणों की आस्था को ध्यान में रखते हुए बनाए गए शिव मंदिर और महादेव विश्राम स्थल का भी लोकार्पण किया गया। कमांडेंट भवेश चौधरी ने यहां वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कमांडेंट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र केवल संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि बदलाव और पुनर्निर्माण की मिसाल भी बन सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि जब युवाओं के हाथों में हथियार की जगह क्रिकेट का बल्ला होता है, तो भविष्य स्वतः सुरक्षित और उज्ज्वल बनता है। यह आयोजन सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच विश्वास, सहयोग तथा मधुर संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *