भास्कर न्यूज | गीदम सीआरपीएफ पुलिस महानिरीक्षक छत्तीसगढ़ सेक्टर राकेश अग्रवाल ने 231 बटालियन मुख्यालय गीदम में श्वान प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इस प्रशिक्षण केंद्र के खुलने से बस्तर क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों की परिचालनिक क्षमता में वृद्धि होगी और शत्रु पर सटीक एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। वर्तमान में इस प्रशिक्षण केंद्र में छत्तीसगढ़ राज्य में तैनात विभिन्न बटालियनों से 20 श्वान (के-9) प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनके साथ डॉग हेंडलर्स तैनात हैं। इस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत श्वान को 04 सप्ताह का रिफ्रेशर कोर्स कराया जाएगा, जिसमें श्वान को शत्रु द्वारा छिपाकर लगाई गई आईईडी को खोजने का विशेष प्रशिक्षण तथा अन्य कई तरह के प्रशिक्षण दिए जाएंगे। श्वान (के-9) प्रशिक्षण केंद्र जावंगा में आरंभ होने पर पुलिस महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल ने जवानों को बधाई दी तथा इस अवसर पर बटालियन प्रांगण में बरगद का पौधा भी रोपित किया। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक एनके सिंह, छग सेक्टर 231 बटालियन के कमांडेंट सुनील भवर, 230 बटालियन के कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद, 231 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. सुब्रत मंडल, सहायक कमांडेंट धर्मेंद्र कुमार, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश सुनकर सहित सभी जवान उपस्थित रहे।


