सतना में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज शुक्ला के सामने मैहर जिले के सिविल अस्पताल अमरपाटन में दो डॉक्टर आपस में बहस करने लगे। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बुधवार को सीएमएचओ डॉ. शुक्ला सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान जब वे इमरजेंसी वार्ड में गए, तो उसे खाली पाया। उन्होंने स्टाफ से ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बारे में पूछा, जिस पर बताया गया कि उस समय कोई मरीज नहीं था। ड्यूटी को लेकर बहस
इसी दौरान, डॉ. सुशील गुप्ता और डॉ. नुरुल हसन के बीच ड्यूटी को लेकर बहस शुरू हो गई। एक डॉक्टर ने आरोप लगाया कि इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टर अक्सर अनुपस्थित रहते हैं, जबकि दूसरे ने इस बात का खंडन किया। बहस बढ़ती देख अन्य डॉक्टरों ने हस्तक्षेप किया और प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान सीएमएचओ के साथ बीएमओ डॉ. आरके सतनामी, अस्पताल प्रभारी डॉ. हिमांशु पांडेय, डॉ. आरके तिवारी, डॉ. भीम गोपाल सिंह भदौरिया, डॉ. सुंदरम द्विवेदी, डॉ. जे पी त्रिपाठी और बीपीएम केवी नामदेव सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।


