पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं व इकाइयों द्वारा की गई कार्रवाई से संबंधित 52 बिन्दुओं पर समीक्षा की गई। इस समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री दर्पण डैश बोर्ड में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की पुलिस को प्रदेश के सभी कमिश्नरेट में पहला स्थान मिला है। प्रदेश के सभी जनपदों के लिहाज से अगर देखा जाए तो कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की रैंकिंग दूसरी है। दिसंबर माह की रैंकिंग शुक्रवार को जारी की गई। अधिकतर बिंदुओं पर मिला ए व ए प्लस
बता दे मुख्यमंत्री दर्पण डैश बोर्ड से शासन स्तर से पुलिस के कामों की समीक्षा की जाती है। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने डायल 112 से लेकर अन्य सराहनीय कार्यों को लेकर बेहतर काम किया है। मुख्यमंत्री दर्पण डैश बोर्ड में पुलिस विभाग के विभिन्न शाखाओं और ईकाइयों की कार्रवाई के 52 बिंदुओं पर आकलन किया जाता है। इस बार ज्यादातर बिंदुओं पर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को ए और ए प्लस रैंकिंग मिली है। इन कार्यों की होती है समीक्षा
पुराने केस का निस्तारण करने , डायल 112 पीआरवी रिस्पांस टाइम, कुल पंजीकृत शिकायतें एवं निस्तारण, 1090, आग सुरक्षा एनओसी जारी करने की कार्रवाई, आग लगने की घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया, महिलाओं से संबंधित अपराधों में हुई कार्रवाई, पॉक्सो ऐक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाही, एससी/एसटी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई, वांछित बदमाशों की गिरफ्तारी, कर्मचारी सत्यापन, किरायेदार/पीजी सत्यापन, घरेलू सहायता सत्यापन, शिकायत- सीसीटीएनएस, कार्यक्रम/प्रदर्शन अनुरोध, जुलूस अनुरोध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट अनुरोध। विरोध/हड़ताल अनुरोध, डिटेल्स ऑफ विटनेस(सेशन कोर्ट), डिटेल्स ऑफ विटनेस(सब-ओर्टिनेट कोर्ट) के संबंध में भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि कमिश्नरेट पुलिस आम लोगों की सुरक्षा को लेकर बेहतर काम कर रही है। लोगों को अधिक सुरक्षित करने का बेहतर प्रयास किया जा रहा है। पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए काम जारी रहेगा।


