फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार काे मुख्यमंत्री से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में औद्योगिक विकास, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा औद्योगिक इकाइयों से संबंधित विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार राज्य में व्यवसाय के वातावरण को और अधिक सरल एवं अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ सकें । मुख्यमंत्री से मुलाकात के क्रम में चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उद्योग जगत के समक्ष आ रही व्यवहारिक चुनौतियों एवं उनके संभावित समाधानों से अवगत कराया। मौके पर झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग व रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्रॉफ व डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे। राज्य के औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। झारखंड चैंबर की भूमिका राज्य के आर्थिक सशक्तिकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।


