जालंधर| मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से नाराजगी जताते हुए पंजाब नंबरदार यूनियन के शहरी अध्यक्ष गुरदेव लाल संधू ने कहा कि सरकार लगातार नंबरदारों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। यूनियन लंबे समय से मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात कर अपनी मांगें रख रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। संधू ने कहा कि पंजाब के नंबरदार अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो लुधियाना में होने वाले उपचुनाव में यूनियन सरकार का विरोध करेगी। लुधियाना में बड़ी संख्या में नंबरदार रहते हैं और उनके साथ कई परिवार भी जुड़े हुए हैं। ऐसे में सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। संधू ने कहा कि हर बार चुनाव के समय सरकार नंबरदारों को सिर्फ आश्वासन देकर छोड़ देती है, लेकिन चुनाव के बाद उनकी मांगों को भुला दिया जाता है। यदि सरकार ने समय रहते मांगें नहीं मानीं, तो ना सिर्फ लुधियाना उपचुनाव बल्कि भविष्य में होने वाले हर चुनाव में नंबरदार यूनियन सरकार का विरोध करेगी।


