मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- पूर्व मुख्यमंत्री जी आपकी उम्र हो गई। चश्मा बदलवा लीजिए, जिससे राजस्थान आपको दिखे, राजस्थान का युवा दिखे। वे गुरुवार को सिरोही के अरविंद स्टेडियम में ग्राम उत्थान शिविरों के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा- एसआईआर के नाम पर कांग्रेस लोगों को बहकाने का काम कर रही है, लेकिन हम कहना चाहते हैं किसी भी घुसपैठिए के लिए राजस्थान में स्थान नहीं है। एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। हम घुसपैठिए की बात करते हैं तो उनके पेट में मरोड़े मारते हैं, क्यों कि उन्होंने हमेशा से भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति की है। अब यह नहीं चलेगा। ये प्रदेश अब कानून के हिसाब से चलेगा। कांग्रेस वालों को विकास दिखाई नहीं देता उन्होंने कहा- कांग्रेस ने जाते समय ‘इन्वेस्ट राजस्थान’ किया था। जाने वाले को कौन पूछता है। इस कारण हमने आते ही पहले साल में ‘राइजिंग राजस्थान’ किया। इसमें से 8 लाख करोड़ के काम जमीन पर आ गए, लेकिन कांग्रेस वालों को दिखाई नहीं देते हैं। हमारी सरकार ने स्कूलों में बच्चों की आंखों की जांच के लिए अभियान चला रखा है। जांच के बाद उनको चश्मा दे रही है। मैं कांग्रेस के लोगों से कहना चाहता हूं आपकी आंख खराब हो गई हैं आपको विकास नहीं दिखता है, पेपर लीक नहीं दिखता है, आपको अशांति करने वाले नहीं दिखते हैं तो आपका भी एक कैंप लगवा दूं कि जांच कराके आपका चश्मा लग जाए, जिससे आपको विकास भी दिखे और राजस्थान का काम भी दिखे और इन युवाओं की तड़प भी दिखे। किसान के बेटे ने पिछले कार्यकाल में लगातार दंश झेला था। सीट में बदलाव कैसे हुआ, पूर्व सीएम के घर तक जा रहा सीएम ने कहा- 2019 में पेपर हुआ था। ओएमआर सीट में कैसे बदलाव हुआ। अरे पूर्व मुख्यमंत्री जी यह आपके घर तक भी जा रहा है। आपका पीएसओ क्या बिना आपके चला। एक बार ध्यान तो दीजिए, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री को यह नहीं दिखता है। पूर्व मुख्यमंत्री जी उम्र आपकी की भी हो गई, चश्मा आप भी बदलवा लीजिए, जिससे राजस्थान आपको दिखे, राजस्थान का युवा दिखे। कुछ लोग तो ऐसे हैं जिनको सिर्फ बोलना है, लेकिन बोलना क्या है किसके बारे में बोलना है कुछ पता नहीं। हमारी सरकार क्या कर रही है। अभी तो आगे-आगे देखते जाए होता है क्या। लाभार्थियों के खातों में 1590 करोड़ रुपए ट्रांसफर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- जनता ने उन्हें सेवक बनाया है और वे हमेशा उनकी सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने इस दिन को ‘खुशी का दिन’ बताया, क्योंकि दो साल पहले आज ही के दिन रामलला मंदिर का उद्घाटन हुआ था और आज किसानों, महिलाओं तथा श्रमिकों को राशि हस्तांतरित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने मंच से बटन दबाकर ऑनलाइन माध्यम से खातों में 1590 करोड़ रुपए की राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की और सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसान के आगे बढ़ने से ही प्रदेश आगे बढ़ेगा। बसंत पंचमी से शुरू होंगे ग्राम उत्थान शिविर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बसंत पंचमी के दिन से गिरदावर सर्किल पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन किया जा सकेगा। साथ ही पशुओं के टीकाकरण और पंजीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे। 22 जिलों में किसानों को दिन में दे रहे बिजली उन्होंने कहा कि किसान की परेशानी को मैं भली भाति जानता हूं। किसानों के लिए यह सरकार बेहतर कार्य कर रही है। हमने किसानों को दिन में बिजली देने का काम किया। वर्तमान में 22 जिलों में यह कार्य किया जा रहा है, शेष सभी जगह पर कार्य चालू है। जिसे शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। गोशाला में को अनुदान बढ़ाने का कार्य हमारी सरकार ने किया है। हर मिशन को डबल इंजन सरकार पूरा करेगी उन्होंने कहा कि हम दिन में 2 घंटे खेती का काम करेंगे तो हमारा स्वास्थ्य भी सही रहेगा। हम जो भी मिशन लेकर आते हैं, उसे हमारी डबल इंजन की सरकार पूरा करती है। उन्होंने वीसी के माध्यम से जुड़े और समारोह में मौजूद लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपने इस किसान के पुत्र को सेवक बनाने का कार्य किया है यह सेवक आपकी सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। सभी को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने भी संबोधित किया।


