सीएम मान बोले- आनंदपुर साहिब बनेगा व्हाइट सिटी:हेरिटेज स्ट्रीट की नींव का पत्थर रखा, पूरे शहर में सफेद संगमरमर का उपयोग होगा

रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब में सीएम भगवंत मान ने 50 साल बाद “हेरिटेज स्ट्रीट” परियोजना का नींव पत्थर रखा। इस परियोजना का उद्देश्य इस ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी को सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है। सीएम मान ने घोषणा की कि आनंदपुर साहिब को “व्हाइट सिटी” के रूप में विकसित किया जाएगा। पूरे शहर में सफेद संगमरमर का उपयोग किया जाएगा, जो शांति, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक होगा। परियोजना के तहत 6 विशाल गेट बनाए जाएंगे, जिनकी प्रेरणा पंजाब की सांस्कृतिक विरासत, सिख इतिहास और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की गुरबाणी से ली जाएगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी सुविधाएं- सीएम मान ने बताया कि यह केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि सिख इतिहास के गौरव को साकार करने का प्रयास है। सरकार का लक्ष्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है। इसमें स्वच्छता, पार्किंग, लेडीज जोन, शौचालय और यातायात व्यवस्था शामिल होंगी, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगी। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आनंदपुर साहिब से नैना देवी, चिंतपुरणी और बगला मुखी जैसे धार्मिक स्थलों तक विशेष पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, रेल संपर्क को भी मजबूत करने की योजना है, जिससे श्रद्धालु “पांच तख्तों” के दर्शन आसानी से कर सकें। पंजाबी हमेशा हर संकट से उबरकर आगे बढ़े- सीएम सीएम ने कहा कि पंजाब ने हाल ही में बाढ़ जैसी आपदाओं का सामना किया है, लेकिन पंजाबी हमेशा हर संकट से उबरकर आगे बढ़े हैं। आनंदपुर साहिब का यह विकास कार्य भी उसी भावना का प्रतीक बनेगा, जो एक नई सोच, नई शुरुआत और विरासत को पुनर्जीवित करने का संकल्प है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *