भास्कर न्यूज| चाईबासा बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम समेत पूरे झारखंड में कुल 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में सीबीएसई बोर्ड के अंतर्गत अध्ययनरत व 15 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन प्रेरणादायक कार्यक्रम हाउज द जोश ‘अपनी क्षमता को सामने लाए’ की रणनीति को लेकर एक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड राज्य परियोजना निदेशक, शशि रंजन, मोटिवेशनल स्पीकर व परीक्षार्थी शामिल हुए। स्वागत भाषण डॉ. मनोहर लाल, एकेडमिक सलाहकार, जेईपीसी ने दिया। आत्मविश्वास और लचीलेपन पर प्रेरक भाषण डॉ. अशोक कुमार स्कूल प्रबंधक हजारीबाग, लक्ष्य निर्धारण व समय प्रबंधन तकनीक पर शुभेंदु मजूमदार स्कूल प्रबंधक पश्चिमी सिंहभूम, तनाव प्रबंधन व शांत चित पर युक्तियां महेंद्र प्रसाद सिंह स्कूल प्रबंधक बोकारो, प्रभावी परीक्षा की तैयारी के लिए रणनीतियां बादल राज डीएसई, रांची द्वारा प्रस्तुत की गईं। अंत में उमाशंकर सिंह, आईएएस, शिक्षा सचिव, झारखंड द्वारा आशीर्वाद दिया गया। शशि रंजन, आईएएस, जेईपीसी, एस. डी. तिग्गा, प्रशासनिक अधिकारी, जितेंद्र कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिले के सभी सीएम उत्कृष्ट विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र ऑनलाइन शामिल हुए।


