सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख तक का कैशलेस इलाज वरदान साबित होगा

भास्कर न्यूज | लुधियाना/ खन्ना कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को 10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह योजना आम जनता के लिए एक बड़ी राहत और वरदान साबित होगी। उल्लेखनीय है कि इस जनहितैषी योजना का औपचारिक शुभारंभ मोहाली से वर्चुअल माध्यम से किया गया, जिसमें राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने अपने कार्यालय में स्क्रीन लगाकर साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। मुंडियां ने कहा कि जब नेताओं की नीयत साफ होती है, तो कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहता। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने बड़े अस्पतालों में 10 लाख तक का मुफ्त कैशलेस इलाज जनता को प्रदान किया है। अब हर पंजाबी अपने स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकता है। इसे भारत की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके तहत पंजाब के करीब 65 लाख परिवारों को 10 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 9,000 शिविर लगाए जाएंगे और अगले 2–3 महीनों में सभी परिवारों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इधर , खन्ना में इस योजना का लाइव ब्रॉडकास्ट ललहेड़ी चौक में किया गया, जिसकी अगुवाई खन्ना हलके के विधायक और पंजाब सरकार में टूरिज्म, कल्चरल अफेयर्स, लेबर, हॉस्पिटैलिटी और रूरल डेवलपमेंट व पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने की। योजना के तहत सभी सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें क्रिटिकल केयर, कीमोथेरेपी, डिलीवरी और उन्नत सर्जरी शामिल हैं। जांच, दवाइयों और सर्जरी का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। मंत्री मुंडियां ने कहा कि बढ़ते चिकित्सा खर्चों से परेशान आम लोगों को अब इस योजना से बड़ी राहत मिलेगी और यह योजना हर परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा, विश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *