डिंडौरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को टीएल बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निवारण में कम प्रगति और आरटीओ की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने चार जनपद सीईओ और आरटीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने करंजिया, बजाग, समनापुर और शहपुरा जनपद सीईओ को सीएम हेल्पलाइन के 50 दिन और 100 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण न करने पर नोटिस जारी करने को कहा। वहीं, बैठक से अनुपस्थित रहने पर आरटीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिन विभागों ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में ‘नॉन अटेंड’ लिया था, उन्हें भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अग्रणी बैंक प्रबंधक को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय पर निराकरण न करने और संबंधित बैंकर्स की लापरवाही पर संभागीय अधिकारी को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीएम जन मन योजना के तहत जनपद स्तर पर निर्माणाधीन आवासों की किश्त संबंधी जानकारी भी मांगी गई। साथ ही, कर्मयोगी केंद्र की दीवारों पर पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


