शुजालपुर की थोक सब्जी मंडी में सोमवार को लहसुन और प्याज की बंपर आवक हुई, जिसके चलते मंडी परिसर में दिन भर गहमागहमी बनी रही। सोमवार को लगभग 14,000 कट्टे की रिकॉर्ड आवक दर्ज की गई, जिससे मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दोपहर बाद तक मंडी के बाहर इंतजार करना पड़ा। भावों में गिरावट से बढ़ी आवक मंडी प्रभारी सचिव प्रवीण सिंह सिसोदिया ने बताया कि आवक में लगातार बढ़ोतरी का मुख्य कारण भावों में आ रही गिरावट है, जिसके चलते किसान अपनी उपज को तेजी से बेच रहे हैं। सोमवार को जिंसों के भाव इस प्रकार रहे- प्याज: लगभग 10,000 कट्टे की आवक हुई और भाव ₹800 से ₹1200 प्रति क्विंटल रहा। लहसुन: लगभग 4,000 कट्टे की आवक हुई और भाव ₹4000 से ₹6500 प्रति क्विंटल रहा। यह मंडी प्रतिवर्ष औसतन 2 लाख कट्टे लहसुन और प्याज अन्य शहरों, प्रदेशों और विदेशों तक निर्यात करती है। अनाज मंडी में नए सोयाबीन की आवक शुरू थोक सब्जी मंडी के साथ ही, अनाज मंडी में भी अब नए सोयाबीन की आवक शुरू हो गई है। सोमवार को अनाज के भाव इस प्रकार रहे: जिंस भाव (प्रति क्विंटल) सोयाबीन ₹2700 से ₹4450 गेहूं ₹2400 से ₹2661 चना सफेद ₹5900 से ₹9610 मसूर ₹5861 से ₹6691


