देवास जिले के सराफा और साहूकार व्यापारियों ने सीएम हेल्पलाइन 181 पर लगातार मिल रही शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की है। इस संबंध में सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियां बताईं। व्यापारियों का कहना है कि कई लोग 5 से 10 साल पुराने गिरवी रखे सोना-चांदी के मामलों को लेकर अब शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। इन शिकायतों पर पुलिस बिना पूरी जांच किए ही व्यापारियों को थाने बुला रही है। पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से थाने बुलाए जाने से व्यापारियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उनका दैनिक कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नियमों अनुसार ही सोना रखते हैं गिरवी: व्यापारी व्यापारियों ने बताया कि गिरवी रखते समय ग्राहक को नियम, समय-सीमा और भुगतान की पूरी जानकारी दी जाती है। यदि तय समय पर पैसे नहीं चुकाए जाते, तो नियमों के अनुसार गिरवी रखे सामान का निपटारा कर दिया जाता है। इसके बावजूद सालों बाद ग्राहक शिकायत कर रहे हैं, जिसे वे अनुचित मानते हैं। एसोसिएशन ने मांग की है कि ऐसे मामलों को आपसी लेन-देन का विवाद माना जाए और पुलिस द्वारा व्यापारियों पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। इसके अतिरिक्त, सराफा व्यापारियों ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।


