पलामू पुलिस ने गुरुवार को दो बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी का खुलासा करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और अफीम की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख रुपए बताई गई है। पहली कार्रवाई मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के फोरलेन बहलोलवा में हुई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक पिकअप सवारी गाड़ी को रोका। वाहन चालक ने गाड़ी में पानी की पेटी होने की बात कही और संबंधित कागजात भी दिखाए। हालांकि, संदेह होने पर पुलिस ने गहन तलाशी ली। अवैध अंग्रेजी शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए तलाशी के दौरान गाड़ी से 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए है। यह शराब झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी। इस मामले में रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के बारीडीह निवासी 32 वर्षीय सरोज प्रजापति और चान्हो थाना क्षेत्र के पचंबा पंडरी निवासी 41 वर्षीय सुरेंद्र महतो को गिरफ्तार किया गया। दूसरी बड़ी कार्रवाई रजवाडीह चौक के पास की गई। यहां पुलिस ने 800 ग्राम अफीम बरामद करते हुए दो तस्करों को पकड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के पथरा निवासी 25 वर्षीय सूचित भुइयां और चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी रामपुर निवासी 25 वर्षीय कुलेन्द्र भुइयां के रूप में हुई है। इनके पास से दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए। मेदिनीनगर सदर डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि दोनों तस्कर अफीम लेकर डालटनगंज रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए पंजाब के जालंधर जाने की तैयारी में थे। पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि उन्होंने तरहसी के ताल निवासी तेतर यादव से अफीम खरीदी थी। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


