सीएम 9-दिन रोज बड़ी कंपनियों के अफसरों से करेंगे मुलाकात:प्रदेश में डिजिटल नेटवर्किंग हब और डेटा सेंटर बनाने मुख्यमंत्री की जापान में पहली बैठक

प्रदेश में जापान की कंपनियों को आकर्षित करने के क्रम में सीएम विष्णुदेव साय बैठक करने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत वे इसी आईटी और टेलीकॉम कंपनी एनटीटी के जिम्मेदारों के साथ करेंगे। उम्मीद है कि इसके जरिए प्रदेश में डेटा सेंटर और डिजिटल नेटवर्किंग हब बनने की शुरुआत हो सकेगी। यह जो जापान की दिग्गज आईटी व टेलीकॉम कंपनी है। एनटीटी कंपनी के बाद मुख्यमंत्री जापान सरकार के संस्थान जेईटीआरओ के अफसरों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री उनके सामने राज्य की नई औद्योगिक नीति और बस्तर-सरगुजा जैसे पिछड़े इलाकों में उपलब्ध संसाधनों को रखेंगे। सहमति बनने पर इन इलाकों में नए कारखाने और उद्योग स्थापित होंगे। इससे आदिवासी युवाओं के लिए रोजगार और किसानों की उपज के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार का रास्ता खुलेगा। 9 दिवसीय जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रोज किसी न किसी कंपनी के जिम्मेदारों से मिलेंगे।
मुलाकात के दौरान वे अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री का ये दौरा जापान और दक्षिण कोरिया पर केंद्रित है। राज्य में औद्योगिक प्रगति, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों के लिहाज से उनके दौरे को ऐतिहासिक माना जा रहा है। आज प्रवासी भारतीयों से करेंगे मुलाकात
23 अगस्त को मुख्यमंत्री जापान में बसे प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे। उनके जरिये वे राज्य में छोटे-बड़े निवेश का प्रयास करेंगे। प्रवासी भारतीयों से संवाद के दौरान उन्हें यहां उपलब्ध संसाधनों के अलावा उद्योग नीति में किए गए संशोधन की जानकारी देंगे। ताकि वे अपने प्रदेश में निवेश करने के लिए प्रेरित हों। विदेशी निवेश से अर्थव्यवस्था की गति बढ़ेगी। ओसाका एक्सपो– ब्रांड का करेंगे दौरा
24 अगस्त को मुख्यमंत्री ओसाका एक्सपो-2025 स्थल का दौरा करेंगे। आने वाले दिनों में ये छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग का बड़ा मंच होगा। इसमें राज्य की सांस्कृतिक और औद्योगिक ताकत दुनिया के सामने रखी जाएगी, जिससे पर्यटन और वैश्विक पहचान को बल मिलेगा। दक्षिण कोरिया में औद्योगिक दिग्गजों से संवाद
28 अगस्त को मुख्यमंत्री दक्षिण कोरिया में रहेंगे। वहां मुख्यमंत्री कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन(केआईटीए)के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। केआईटीए हजारों कंपनियों का प्रतिनिधित्व करती है। इस बैठक के जरिये छत्तीसगढ़ में मशीनरी, टेक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में बड़े निवेश का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री हुंडई मोटर स्टूडियो का दौरा करेंगे। हुंडई जैसी कंपनियों के सहयोग से छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग का नया केंद्र बन सकता है। इससे राज्य में तकनीकी प्रशिक्षण, नई नौकरियों और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में बड़े अवसर खुलेंगे। राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से अहम दौरा
मुख्यमंत्री साय की ये पहली विदेश यात्रा है। इस यात्रा के माध्यम से ठोस निवेश होने पर छत्तीसगढ़ का विकास मॉडल बदल सकता है। राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर के जंगलों तक, रोजगार और तकनीक के नए अवसर पैदा होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *