भास्कर न्यूज | बोकारो थर्मल बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के सीएसआर सेंटर में महिलाओं और युवतियों के लिए संचालित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम में गुरुवार को गोविंदपुर-डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने पहुंचकर प्रशिक्षुओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान सीएसआर के वरीय प्रबंधक मनीष कुमार चौधरी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि मुखिया की मौजूदगी से प्रशिक्षुओं का मनोबल दोगुना हुआ है। उन्होंने बताया कि सीएसआर केंद्र में समय-समय पर मोटिवेशनल सत्र आयोजित किए जाते हैं। इसी उद्देश्य से चंदना मिश्रा को आमंत्रित किया गया, ताकि वे प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर सकें। उन्होंने बताया कि केंद्र में वर्तमान में सिलाई और कंप्यूटर के नए बैच संचालित हो रहे हैं, जिनमें सभी प्रशिक्षु छात्राएं हैं। इसके अलावा ब्यूटीशियन से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण करने के बाद मुखिया चंदना मिश्रा ने कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने सीएसआर की पूरी टीम, विशेषकर मनीष कुमार चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि प्रशिक्षण का स्तर काफी बेहतर है। उन्होंने प्रशिक्षिका सुष्मिता बर्णवाल की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षुओं को बेहद सहज और प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण देती हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम भी दिखाई देता है। मुखिया ने कहा कि उनकी कोशिश है कि यहां प्रशिक्षण लेने वाली हर महिला और युवती आत्मनिर्भर बने तथा अपने कौशल को रोजगार से जोड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रशिक्षित कई युवतियां आज स्वावलंबी बन चुकी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यहां नए-नए रोजगारपरक प्रशिक्षण शुरू किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।


