सीएस पर दोगुना दाम पर एनेस्थीसिया मशीन खरीदने का आरोप, मंत्री से की गई शिकायत

सिटी रिपोर्टर | बोकारो कांग्रेस जिलाध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने सिविल सर्जन डॉ. एबी प्रसाद पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। माहथा ने कहा है कि एनेस्थीसिया मशीन का कोटेशन 8 लाख 30 हजार था, लेकिन 17 लाख 95 हजार में खरीददारी की गई। जबकि स्वास्थ्य विभाग से विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्रों में बिना रिसीविंग के दवा भेजी जाती है, उन दवाओं की कालाबाजारी की जा रही है। माहथा ने कहा कि बोकारो जिला स्वास्थ्य विभाग में 328 लाइसेंस जारी कर विभिन्न निजी स्वास्थ्य सेवा दी जा रही है। लेकिन नियमानुसार लाइसेंसधारी स्वास्थ्य केंद्रों व निजी अस्पताल का निरीक्षण सिविल सर्जन कार्यालय से नियमित नहीं किया जाता है। कई महीनों से स्वास्थ्य विभाग के संविदा व सफाई कर्मियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण लगातार हड़ताल और आंदोलन हो रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विभाग के निर्देशों का नहीं किया जा रहा है पालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा है कि निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, झारखंड द्वारा जांच कमेटी गठित की गई थी। 17 जून को कमेटी द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के बावजूद आरोपी कर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यही नहीं 10 मार्च को क्षेत्रीय उपनिदेशक, हजारीबाग द्वारा दिए गए आदेश का भी अनुपालन नहीं किया जा रहा है। महथा ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से कार्यरत कर्मी अपने सगे-संबंधियों को ही अनेक स्थान पर संविदा में नौकरी दिलाकर सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं। वरीय अधिकारियों के निर्देश के बावजूद उनका स्थानांतरण नहीं होना बहुत ही गंभीर विषय है। जेम पोर्टल से हुई खरीदारी, कोई भ्रष्टाचार नहीं : सीएस सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने आरोप को निराधार बताया। कहा कि मैने कोई खरीदारी नहीं की। इसके लिए क्रय समिति होती है। जेम पोर्टल से खरीदारी हुई है। अगर किसी को आपत्ति है और कोई कंपनी कहती है कि वह आधी कीमत पर दे सकती है, तो उसे भी टेंडर में शामिल होना चाहिए था। बोकारो में जिस रेट पर खरीदा गया है, उसी रेट पर रांची में भी खरीदा गया है। जेम पोर्टल में खरीदारी होने से भ्रष्टचार की कोई गुंजाइश ही नहीं रहती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *