सीकर में अब यदि किसी को पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायत या कोई सुझाव भेजना हो, तो वे सुझाव पेटिका में अपने पत्र डाल सकेंगे। आज शाम को सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. तेजपाल सिंह, सीओ सिटी संदीप चौधरी, और शहर कोतवाल सुनील कुमार जांगिड़ ने सीकर के कल्याण सर्किल पर सुझाव पेटिका लगाई। इस दौरान कॉन्स्टेबल दलीप सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि पिछले दिनों सीकर के कोतवाली थाने में शहरवासियों के साथ हुई बैठक में सीकर शहर में सुझाव पेटिका लगाने का निर्णय लिया गया था। एक सप्ताह में शहर में कल्याण सर्किल, जाट बाजार, घंटाघर सहित अन्य जगहों पर आज सुझाव पेटिका लगा दी गई है। अब लोग पत्रों के माध्यम से इनमें अपनी शिकायतें और सुझाव डाल सकेंगे। इसके लिए पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में एक अलग प्रकोष्ठ (सेल) बनाया जाएगा, जो शिकायतों और सुझावों के समाधान के लिए काम करेगा। शिकायत और सुझाव देने वाले के नाम की गोपनीयता रखी जाएगी। सीकर पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत रहेगी कि कम समय में समाधान हो सके।


