सीकर पुलिस ने आज एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर 150 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस की 62 स्पेशल टीमाें में शामिल 280 पुलिसकर्मियों ने 30 घंटे तक लगातार धरपकड़ कार्रवाई की। कार्रवाई में पुलिस ने विभिन्न मामलों के अपराधियों और स्थाई वारंटियों को 150 जनों को गिरफ्तार किया है। सीकर पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों पर विभिन्न पुलिस थानों में 210 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि सीकर पुलिस के एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान करीब 580 जगहों पर दबिश देकर अनेक लाेगाें से कड़ी पूछताछ करते हुए 150 अपराधियों काे गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, अवैध खनन और लूटपाट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह के नेतृत्व में सभी थाना अधिकारियों की टीमें गठित की गईं थीं। चारों टीमों के साथ DST, RAC और QRT के पुलिसकर्मी भी कार्रवाई में शामिल रहे। कार्रवाई 8 जनवरी सुबह 5 बजे से 9 जनवरी को सुबह 11 बजे तक चली। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों पर 5 नए मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।


