सीकर में पिछले 4 दिन से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। सीकर समेत पूरा शेखावाटी शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवाएं नश्तर की तरह चुभ रहीं हैं। सीकर में आज न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज यहां पर न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले यहां पर 6 जनवरी को न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 17.0 दर्ज किया गया था। सीकर शहर समेत जिले भर में बीती रात से ही घना कोहरा छाने लगा और सुबह 9 बजे तक भी कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। ड्राइवर को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से गुजरना पड़ रहा है। वहीं, आम जनजीवन भी कोहरे की वजह से प्रभावित नजर आ रहा है। मंगलवार को दोपहर में भी अधिकतम तापमान 15 डिग्री के करीब रहने के चलते पूरे दिन सीकर में तेज ठंड का असर रहा। इधर आज सुबह सीकर शहर समेत पूरे जिलेभर में घना कोहरा छाया हुआ है। पलसाना, दादिया और लक्ष्मणगढ़ एरिया में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी करीब 40 मीटर से भी कम रही। शहर में डेन्सिटी ज्यादा होने के बावजूद विजिबिलिटी कम है। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापकर सहारा ले रहे हैं। सीकर समेत पूरा शेखावाटी इलाका पिछले 4 दिन से लगातार कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहीं, किसान तेज सर्दी से फसलों को बचाने के लिए उन पर कपड़े व तिरपाल लगा रहे हैं। मौसम एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल अभी तीन-चार दिन तक सीकर में तेज सर्दी का दौर जारी रहेगा। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट की संभावना है। 11 जनवरी तक सीकर में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। सीकर इलाके में बर्फीली हवाओं की वजह से कड़ाके की सर्दी का दौर बना हुआ है।


