सीकर में आज न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री हो चुका है। हालांकि आज भी लोगों को हल्की सर्दी का एहसास हुआ। अब तीन दिन ड्राई मौसम रहने के बाद 27 फरवरी से एक बार फिर जिले के मौसम में बदलाव आ सकता है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री व अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया था। सुबह कई इलाकों में कोहरा भी छाया था। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी 3 दिन तक प्रदेश में ड्राई मौसम रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। 27 फरवरी से जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं पर बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम केंद्र की मानें तो आगामी दिनों में मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। तापमान में करीब दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी भी हो सकती है। अगले दो दिनों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होगी।


