जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव आज है। इस मौके पर सीकर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सीकर के जैन स्कूल से शुरू हुई। जो सीकर में तापड़िया बगीची, स्टेशन रोड,जाट बाजार,बावड़ी गेट, सुभाष चौक सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस जैन स्कूल पहुंची। इस दौरान जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में ड्रोन से पुष्पवर्षा भी की गई। शोभायात्रा के दौरान पंजाब के बैंड और वर्धमान स्कूल के स्कूली बैंड ने प्रस्तुति दी। इसके साथ ही वर्धमान स्कूल की छात्राओं ने लाठियों के साथ करतब भी दिखाए। स्कूल के छात्र-छात्राओं के द्वारा शिक्षा,योग और पर्यावरण जागरूकता संबंधी झांकियां भी तैयार की गई। शोभायात्रा में युवा गरबा करते हुए नजर आए। जैन समाज के वक्ता विवेक कुमार पाटौदी ने बताया कि हर साल की भांति इस साल भी शहर में शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। आज पूरे दिन धार्मिक कार्यक्रम होंगे। शोभायात्रा के जरिए संदेश दिया गया है कि सभी अहिंसा के पथ पर चलें।


