सीकर में भास्कर हाईट्स बिल्डिंग के बाहर खड़ी बाइक चोरी करने का मामला सामने आया है। चोर मास्टर चाबी से बाइक स्टार्ट कर ले गया। चोरी की वारदात बिल्डिंग के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना सीकर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस को दी रिपोर्ट में जितेंद्र सैनी (33) निवासी वार्ड नंबर-49 चिड़िया टिब्बा (सीकर) ने बताया कि वह शाकंभरी एडवरटाइजिंग एजेंसी में काम करता है। जिसका ऑफिस भास्कर हाईट्स की बिल्डिंग में एसके हॉस्पिटल के पास है। शाम को करीब 8 बजे वह अपनी बाइक भास्कर हाईट्स के सामने खड़ी कर ऑफिस में चला गया था। रात को करीब 9 बजे जब वह जब वापस लौटा तो उसकी बाइक वहां से चोरी हो गई थी। जिसके बाद जितेंद्र ने आस-पास बाइक की तलाश की लेकिन बाइक का कहीं कुछ पता नहीं चला। जितेंद्र ने बिल्डिंग के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो देखा कि एक चोर मास्टर चाबी से बाइक स्टार्ट कर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सोहनलाल कर रहे हैं।


