लगातार चल रहे ड्राई मौसम के बीच आज सीकर में बदलाव देखा गया। आज सुबह न्यूनतम तापमान में तो ढाई डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन सुबह सीकर के कई इलाकों में हल्का कोहरा छाने के साथ बादल भी छाए रहे। फिलहाल सीकर में 2 फरवरी तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले शुक्रवार को यहां पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया था। शुक्रवार सुबह मौसम साफ था। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल सीकर में 2 फरवरी तक ज्यादातर समय मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान तापमान में एक-दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 3 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। तीन और चार फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से सीकर सहित प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने के हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। वहीं मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि फरवरी महीने में लोगों को तेज सर्दी का एहसास नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि फरवरी महीने में न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों ही औसत से ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि इसमें बदलाव भी हो सकता है।


