तीन थानों ने 13 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार:आरोपियों से मोबाइल, फर्जी सिम, कार और कैश जब्त, अलग-अलग तरीके से करते थे ठगी

डीग जिले के तीन थानों ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जुरहरा थाना पुलिस ने 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार कर 4 फर्जी सिम, 3 ATM कार्ड, 45 हजार रुपए और एक कार को जब्त किया है। सीकरी थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 3 मोबाइल और 4 फर्जी सिम जब्त की हैं। पहाड़ी थाना पुलिस ने 7 साइबर ठगों को गिरफ्तार करते हुए 4 मोबाइल और 7 फर्जी सिमों को जब्त किया है। पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मल्हाका के जंगल में दबिश दी गई। जहां एक खेत में कुछ युवक साइबर ठगी कर रहे थे। मौके पर घेराबंदी करते हुए 7 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर आरोपियों से 4 मोबाइल, 7 फर्जी सिम जब्त किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन टैक्सी बुक करने के नाम पर अपनी लोकेशन बड़े शहरों में बताते हैं। जिसके बाद वह किराये से ज्यादा पैसे डालने का फर्जी मैसेज टैक्सी ड्राइवर को भेज देते हैं। उसके बाद उन रुपयों को वापस मंगवाने के लिए टैक्सी ड्राइवर से बात कर उन्हें अपने फर्जी अकाउंट में डलवा लेते हैं। सीकरी थाना अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना मिली थी कि शहीदन मोड़ से आगे घाटी में जाने वाले रास्ते पर 3 युवक साइबर ठगी कर रहे हैं। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और, तीनों युवकों को मौके से पकड़ा। उसमें से 1 युवक नाबालिग पाया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 3 मोबाइल और 4 फर्जी सिम जब्त की गई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह अलग-अलग तरीके से लोगों को अपनी बातों में फंसाकर साइबर ठगी करते हैं। जुरहरा थाना अधिकारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि दबिश के दौरान बमनबाड़ी सहसन नहर की पटरी से 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 3 चोरी के मोबाइल, 4 फर्जी सिम, 3 ATM कार्ड और एक क्रेटा कार जब्त की गई है। इसके अलावा तलाशी के दौरान एक आरोपी से 45 हजार रुपए भी जब्त किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *