जैसलमेर जिले में तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार सुबह से ही मौसम साफ रहा। लेकिन बादलों की आवाजाही पूरे दिन रही। दोपहर में भी सूर्य के तेवर तीखे नहीं दिखे। वहीं शनिवार को भी अलसुबह हल्का कोहरा छाया। कोहरे के कारण ठंडी हवाओं ने लोगों को धुजाया। हल्के कोहरे के कारण हल्की ठंडी हवाएं भी चलने लगी। शुक्रवार को सुबह व शाम सर्दी का असर तेज रहा। लेकिन,दोपहर में सर्दी से राहत मिली रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब फरवरी के पहले दो सप्ताह तक सर्दी का असर दिखेगा। लेकिन कड़ाके की सर्दी नहीं पड़ेगी। शुक्रवार को दिन के पारे में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं रात के पारे में मामूली बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 25 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 14 डिग्री का अंतर रहा। आज से ठंडी हवा चलने की संभावना मौसम विभाग ने जिले में आगामी चार दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 2 से 3 दिनों तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा। अधिकतम तापमान 24 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शनिवार से जिले में हवाएं चलने की संभावना है। आगामी एक-दो दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। फरवरी में सर्दी का असर रहेगा। लेकिन कड़ाके की सर्दी का असर अब नहीं दिखेगा। जिले में शुक्रवार से ही हल्की हवाएं चलने लगी है। शनिवार से हवाओं का असर तेज होने की संभावना है। हवाएं चलने से रबी फसलों को नुकसान हो सकता है। हवा से मिट्टी के कण उड़कर फसल के पौधों को घिस सकते हैं और उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। हवा के कारण पौधे कमजोर हो सकते हैं।


