सीकर के प्रभारी सचिव सुबीर कुमार कहा कि सीकर का बाजार जल्दी बंद हो जाता है, जबकि यहां डेढ़ लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स हैं। ऐसे में एक आधुनिक फूडकोर्ट की जरूरत है, जहां स्टूडेंट्स को पसंदीदा, हेल्दी और पौष्टिक खाना मिले। इससे लेट नाइट चहल-पहल रहे। सीकर की विशेषताओं को देखते हुए ये नवाचार सार्थक होगा। आज सीकर सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में सुबीर कुमार ने ये बातें कहीं। बैठक में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे। प्रभारी सचिव ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि सीकर स्टूडेंट हब है, जहां लोगों का दबाव और फुटफॉल लगातार बढ़ रहा है। इस दवाब को डायवर्ट करने की जरूरत है, ताकि सीकर एक प्रोग्रेसिव हब बन सके। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए- खाटूश्यामजी बाइपास निर्माण का प्रस्ताव पेश सुबीर कुमार ने बताया कि आज की बैठक में PWD अधिकारियों ने खाटूश्यामजी के बाइपास निर्माण का प्रस्ताव पेश किया, जिसे CM और मंत्रियों को जल्द भेजा जाएगा। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का ट्रैफिक मैनेज होगा और आसपास के गांवों को राहत मिलेगी। साथ ही, खाटूश्यामजी में राजस्व बढ़ाने की योजनाएं बनाएं, ताकि सीकर जिले की इकोनॉमी ग्रोथ हो। प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने 21 फरवरी से शुरू हो रहे खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक से चर्चा की। ADM रतन कुमार ने सरकारी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रोग्रेस के बारे में जानकारी दी। बैठक में सीईओ राजपाल यादव, कमिश्नर शशिकांत शर्मा, आयुर्वेद विभाग के डिप्टी डायरेक्टर योगेश मिश्रा, एसीएम ज्वालासहाय मीणा, राजीविका डीपीएम अर्चना मौर्य, पीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, पीडब्लूडी एसई जेपी यादव, जलदाय एसई रामकुमार चाहिल, बिजली डिस्काॅम एसई सुभाष देवंदा समेत प्रमुख विभागीय अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने खाटूश्यामजी के दर्शन किए और श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने प्रभारी सचिव का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया।


