सीकर के प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने कहा कि सीकर का मार्केट जल्दी बंद होता है। स्टूडेंट्स की बड़ी संख्या को देखते हुए यहां एक फूडकोर्ट खोलने की जरूरत है, ताकि स्टूडेंट्स को पसंदीदा, हैल्दी और पौष्टिक खाना मिल सके और लेट नाइट अच्छी चहल-पहल रहे। सीकर की विशेषताओं को देखते हुए ये नवाचार सार्थक होगा।
प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने आज सीकर सर्किट हाउस में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा और जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत भी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने दैनिक भास्कर से कहा कि सीकर शहर स्टूडेंट हब है, यहां डेढ़ लाख के करीब स्टूडेंट्स हैं। ऐसे में यहां लोगों का दवाब और फुटफॉल बढ़ा है। इस दवाब को डायवर्ट करने की जरूरत है, ताकि सीकर एक प्रोग्रेसिव हब बन सके।
बैठक में प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने सीकर में बिजली-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर करने, संतोष देवी और सुंडाराम जैसे प्रगतिशील किसानों का एक प्रॉपर डॉक्यूमेंटेशन करवाने, हर्ष पर्वत को एक टूरिज्म स्पॉट के रूप में डवलप करने के निर्देश दिए। सरकारी आयुर्वेद कॉलेज के भवन निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी सचिव ने RSRDC के अधिकारियों को 31 मार्च से पहले काम पूरा करने निर्देश दिए।
सुबीर कुमार ने बताया कि आज की बैठक में पीडब्लूडी के अधिकारियों ने खाटूश्यामजी के बाइपास निर्माण के प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी है। खाटूश्यामजी में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए बाइपास के लिए सीएम और संबंधित मंत्रियों को तुरंत अवगत करवाया जाएगा, ताकि ट्रैफिक के कारण खाटू के आसपास के ग्रामीण परेशान नहीं हों। उन्होंने खाटूश्यामजी में राजस्व बढ़ाने की योजना बनाने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने 21 फरवरी से शुरू हो रहे खाटूश्यामजी के वार्षिक लक्खी मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक से चर्चा की। ADM रतन कुमार ने सरकारी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रोग्रेस के बारे में जानकारी दी। बैठक में सीईओ राजपाल यादव, कमिश्नर शशिकांत शर्मा, आयुर्वेद विभाग के डिप्टी डायरेक्टर योगेश मिश्रा, एसीएम ज्वालासहाय मीणा, राजीविका डीपीएम अर्चना मौर्य, पीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, पीडब्लूडी एसई जेपी यादव, जलदाय एसई रामकुमार चाहिल, बिजली डिस्काॅम एसई सुभाष देवंदा समेत प्रमुख विभागीय अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने खाटूश्यामजी के दर्शन किए और श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने प्रभारी सचिव का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया।


