सीजन में पहली बार चिल्फी घाटी में 4 डिग्री पहुंचा पारा, खेतों में जमी ओस, सुबह कोहरा

भास्कर न्यूज | कवर्धा/चिल्फीघाटी मैकल पर्वत शृंखला की तराई में स्थित चिल्फी घाटी में इस सप्ताह मौसम ने ठंड के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मंगलवार को सीजन में पहली बार घाटी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नमी 40 प्रतिशत रही, जिससे रात में गिर रही ओस जमने लगी। सुबह खाली खेतों, पुआल के ढेर और फूल-पत्तियों पर ओस बर्फ जैसी दिखाई दी। कुछ लोगों ने घरों के बाहर पानी की थालियों रखी थीं, जो ठंड के कारण जमकर बर्फ बन गया। चिल्फी घाटी सुबह हल्के कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई। दृश्यता कम होने के कारण नेशनल हाईवे- 30 पर वाहनों की गति धीमी रही। दिन के बढ़ने के साथ कोहरा छंटा, लेकिन धूप में भी ज्यादा गर्मी महसूस नहीं हुई। हवा में नमी और ठंडक बनी रहने के कारण दिन में भी हल्की सिहरन महसूस होती रही। अगले 2-3 दिन में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है। तीन दिन में तापमान 5 से घटकर 4 डिग्री पर पहुंचा आंकड़े देखें तो पिछले 3 दिनों में चिल्फी घाटी का न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा है। 4 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री था, 5 जनवरी को 6 डिग्री और मंगलवार 6 जनवरी को को 4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिन तक न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच स्थिर रहेगा। ऊंचाई पर बसाहट व पेड़ों से घिरे होने से ठंड ज्यादा मैदानी क्षेत्र की तुलना में चिल्फी घाटी की बसाहट ऊंचाई वाले इलाके में है। यहां चारों ओर फैले साल वृक्षों से घिरा वन क्षेत्र है। इस कारण यहां ठंड ज्यादा पड़ती है। हर साल नवंबर से जनवरी तक ओस जमती है। इसलिए इसे कबीरधाम का हिल स्टेशन कहा जाता है। अगले 24 घंटे में ठिठुरन बढ़ सकती है। 8 जिलों में शीतलहर की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी छत्तीसगढ़ राज्य के 8 जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी है। रायपुर मौसम विभाग ने 7 और 8 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट कबीरधाम के अलावा रायपुर, खैरागढ़- छुईखदान- गंडई (केसीजी), राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, मोहला- मानपुर- अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के लिए भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *