भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। रविवार को इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री पहुंच गया। वहीं आने वाले 10 दिन तक तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है। भीषण गर्मी से लोग बेचैन हैं। स्थिति ऐसी रहीं कि रविवार को कवर्धा शहर में दोपहर के समय सड़क पर सन्नाटा पसरा रहा। बढ़ती गर्मी के कारण लोग गर्मी से संबंधित बीमारियों जैसे हीट स्ट्रोक व थकावट से भी जूझ रहे। सुबह सूरज की किरण निकलने के साथ लू झुलसा रही है। दोपहर के समय मानों आसमान से आग बरस रही हो। लोग दोपहर को घरों में दुबके नजर आए। जरूरी काम होने पर मुंह पर दुपट्टा बांध कर निकल रहे हैं। वहीं, गांवों से शहर आने वाले लोग पानी की बोतल साथ में रख रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए बार-बार पानी, नींबू पानी, जूस कॉर्नर पर पेय पदार्थ पीते नजर आए। हवा भी आग की तरह झुलसा रही है। यही हाल जिले के ग्रामीण अंचल में भी दिखाई दे रहा है। रविवार को जिले के सहसपुर लोहारा, पंडरिया, बोड़ला, पिपरिया, कुंडा, पांडातराई, पोंड़ी जैसे जगह में दिन का तापमान 40 डिग्री तक चला गया था। इसी प्रकार वनांचल में भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण इन क्षेत्रों में दिन व रात को गर्मी रहती है। तापमान में वृद्धि के साथ भीषण गर्मी व तेज धूप से लू लगने की आशंका बढ़ गई है।स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. बीएल राज ने जिले के लोगों को सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे मौसम में बदलाव हो रहा है, तेज धूप और गर्मी के प्रभाव से शरीर का तापमान अनियंत्रित होकर अत्यधिक बढ़ सकता है, जिससे लू लगने या हीट-स्ट्रोक जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। लू लगने के कारण शरीर में पानी और खनिज लवण की कमी हो जाती है, जो खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है। आमजन पर्याप्त मात्रा में पानी पीए। धूप में जाने से बचे।


