सीजी बोर्ड:96 छात्रों ने बनाई टॉप-10 में जगह अब तक नहीं मिल पाए डेढ़-डेढ़ लाख रुपए

दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड परीक्षा 2024 की टॉप-10 लिस्ट में 96 छात्रों ने जगह बनाई। लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी उन्हें प्रोत्साहन राशि के तौर पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपए नहीं मिल पाया है। इसी तरह पिछली बार टॉपर्स को हेलीकॉप्टर की सैर भी कराई गई थी, लेकिन इस बार इस पर भी संशय है। जानकारी के मुताबिक टॉपरों के सम्मान के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल से शासन को पत्र भेजा गया है। वहां से अनुमति मिलने के बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उधर, प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव जनवरी होने वाला है। इस बीच यह कार्यक्रम होना मुश्किल है। इसलिए टॉपर्स को अभी और इंतजार करना होगा।सीजी बोर्ड परीक्षा 2024 के अनुसार दसवीं में 73 और बारहवीं में 23 टापर्स हैं। यह लिस्ट प्रथम बोर्ड परीक्षा के आधार पर तैयार की गई है। इस बोर्ड परीक्षा के नतीजे मई में जारी हुए थे। तब टॉप-10 की अस्थाई लिस्ट जारी हुई थी। पुनर्मूल्यांकन व पुनर्गणना के नतीजे जारी होने के बाद सितंबर में फाइनल मेरिट लिस्ट जारी हुई। इसमें टॉपर्स की संख्या बढ़ी। यह लिस्ट आने के बाद से संभावना थी कि जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, और टॉपर्स को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए मिलेंगे। लेकिन फाइनल लिस्ट जारी हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, फिर भी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कोई सूचना जारी नहीं की गई है। इसी तरह टॉपर्स इस बार हवाई सैर करेंगे या नहीं। इस पर संशय की स्थिति बनी है। जानकारों का कहना है कि सरकार बदलने के बाद इस व्यवस्था में बदलाव हो सकता है। दो बार हुई थी बोर्ड परीक्षा
छत्तीसगढ़ बोर्ड के तहत इस साल दो बार दसवीं-बारहवीं की परीक्षा हुई। पहली परीक्षा मार्च में हुई। जबकि दूसरी जुलाई में हुई। मेरिट लिस्ट पहली परीक्षा के आधार पर बनाई गई। वहीं दूसरी ओर अब हर साल दो बार सीजी बोर्ड की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें भी बोर्ड के टॉपर की लिस्ट पहली परीक्षा के आधार पर ही बनेगी। इसके आधार पर अस्थाई मेरिट लिस्ट और फिर पुनर्मूल्यांकन व पुनर्गणना के रिजल्ट के बाद फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी। 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2025, एक मार्च से
दसवीं व बारहवीं सीजी बोर्ड परीक्षा 2025 के लिए ​शिड्यूल जारी हो चुका है। प्रथम परीक्षा परीक्षा 1 मार्च से होगी। समय-सारणी के अनुसार बारहवीं की परीक्षा 1 से 28 मार्च और दसवीं की 3 से 24 मार्च तक आयोजित की जाएगी। इसी तरह प्रैक्टिकल एग्जाम व प्रोजेक्ट वर्क की परीक्षा 10 जनवरी से शुरू होगी और 31 जनवरी तक संबंधित स्कूलों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए भी माध्यमिक शिक्षा मंडल से पहले ही निर्देश कुछ दिन पहले जारी किया गया था। इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए करीब पौन छह लाख आवेदन मिले हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *