सीट व डिक्की के अंदर रखा था 75 लाख का गांजा, तीन गिरफ्तार

भास्कर न्यूज| महासमुंद गांजा तस्कर अब पुलिस को चकमा देने नित नए पैंतरा अपना रहे हैं। बीती रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बसना पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजे की तस्करी करते 3 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 150 किलो गांजा मिला है। इसकी कीमत 75 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपियों ने कार की सीट और डिक्की के नीचे करीब 8 बोरी में गांजे को इस तरह से छिपाया था कि चेकिंग के दौरान पुलिस भी चकमा खा जाए। इसे दो गाड़ियों में छिपाया गया था। इसके लिए पुलिस को थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, तस्करों का पैंतरा पुलिस के सामने काम नहीं आया। जांच के दौरान वे धरे गए। मिली जानकारी के मुताबिक, साढ़े 7 बजे नेशनल हाइवे 53 पलसापाली बैरियर पर रुटीन चेकिंग चल रही थी। तभी दूर से दो कार आती दिखी। कार सवार तीन युवक आत्मविश्वास में थे, लेकिन पुलिस की नजरों ने उनकी घबराहट भांप ली। शुरुआत में जब पुलिस ने कार रोकी और डिक्की खोली, तो वहां कुछ बैग रखे थे। तस्करों ने पुलिस के पूछने पर आराम से बताया कि वे ट्रिप से लौट रहे हैं। बारीकी से पूछताछ की, तो वे हड़बड़ा गए। कार के अंदर से अजीब सी तीखी गंध आ रही थी। पुलिस ने जब डिक्की के नीचे वाले हिस्से स्पेयर व्हील एरिया की गहराई से जांच की, तो वहां बोरी की परतें दिखी। वहीं डिक्की के फर्श को मॉडिफाई किया गया था। सीटों के कुशन के नीचे लोहे के छोटे बॉक्स थे, इनमें गांजे के पैकेट को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। खाकी रंग के टेप से लिपटे छोटे पैकेट बनाए गए थे, ताकि खुशबू बाहर न आए। बीते महीने पकड़ा था 4.30 करोड़ रुपए का गांजा: आरोपियों से 8 नग सफेद प्लास्टिक बोरियो में भरा 150.75 किलो गांजा जब्त किया। इसकी कीमत 75 लाख रुपए है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त वाहन की कीमत 20 लाख रुपए, तीन मोबाइल 15,000 रुपए, कुल कीमत 95 लाख 15 हजार रुपए जब्त किया गया है। बीते महीने कुल 860 किलो गांजा, कीमत 4.30 करोड़ की जब्ती की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन पिता महेंद्र (29) निवासी मनकेश्वरी मंदिर प्लाट वार्ड नंबर 3 सोनपुर ओडिशा, प्रमोद कल्ता उर्फ सिकन पिता पदमनाना (25) मृत्युन्जयपुर, दीनबंधु मिश्रा तिपा सर्वेश्वर (39) निवासी बुदेलबाडली ओडिशा के खिलाफ धारा 20 ख नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई कर रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *