सीधी जिले में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। मंगलवार और बुधवार को राजस्व, खाद्य नागरिक आपूर्ति, सहकारिता, वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन और सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों ने यह निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आई, जिसके बाद परिवहनकर्ताओं और स्व सहायता समूह को नोटिस जारी किए गए। कई केंद्रों पर परिवहन में देरी और तौल में गड़बड़ी उजागर जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि धान उपार्जन केंद्र चुरहट में परिवहन कार्य में देरी के कारण संबंधित परिवहनकर्ता को नोटिस जारी किया जाएगा। लकोडा स्थित सोनपरी महिला स्व सहायता समूह पर किसानों से अधिक तौल करने का आरोप है, जिसके लिए समूह को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन कार्य में विलंब के चलते जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति और कनिष्ठ सहायक, नागरिक आपूर्ति निगम, सीधी को कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किया गया है। राजस्व, खाद्य, और वेयरहाउसिंग विभाग की संयुक्त कार्रवाई निरीक्षण दल में डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल सिंह शामिल रहे, जिन्होंने चुरहट, बडखरा, लकोडा और सोनपरी महिला स्व सहायता समूह लकोडा का दौरा किया। जेएसओ राजेश कुमार सिंह ने भी इन्हीं केंद्रों का निरीक्षण किया। जेएसओ अभिषेक सनोडिया ने मझौली, ताला और महिला स्व सहायता समूह अमेढिया का जायजा लिया। सहकारिता निरीक्षक मूलचन्द्र गुप्ता ने कमर्जी और लकोडा जबकि शाखा प्रबंधक ने सेमरिया और गुजरेड केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपार्जन कार्यों में पारदर्शिता, सही तौल और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए उचित कार्रवाई करने और उपार्जन केंद्रों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने का आश्वासन भी दिया।


