सीधी में अवैध पोस्टरों पर चला बुलडोजर:सांसद-विधायक समेत कई नेताओं के होर्डिंग हटाए गए

सीधी नगर पालिका क्षेत्र में अवैध होर्डिंग और पोस्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल के निर्देश पर बुलडोजर चलाकर सभी अनाधिकृत पोस्टर और होर्डिंग हटा दिए गए। इस अभियान में सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और भाजपा पदाधिकारियों सहित कई राजनेताओं के पोस्टर भी शामिल थे, जिन्हें हटाकर कचरे में फेंक दिया गया। यह कार्रवाई सोमवार शाम से शुरू होकर मंगलवार सुबह तक जारी रही। अब तक 37 से अधिक अवैध पोस्टर और होर्डिंग हटाए जा चुके हैं। नगर पालिका सीधी के दो कचरा वाहनों और आठ कर्मचारियों की टीम ने इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। हटाए गए पोस्टरों में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक रीति पाठक, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान जैसे प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं। सीएमओ मिनी अग्रवाल ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए सभी पोस्टर या होर्डिंग अवैध माने जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करना उनकी जिम्मेदारी है। सीएमओ ने कहा, “यह अभियान सीधी शहर की स्वच्छता, सौंदर्य और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। चाहे पोस्टर किसी का भी हो, यदि अनुमति नहीं ली गई है तो उसे निश्चित रूप से हटाया जाएगा।” सांसद और विधायक के पोस्टरों को हटाने के सवाल पर सीएमओ अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि कानून की नजर में सभी समान हैं। नगर पालिका से बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर नियमों का उल्लंघन करते हैं, और इसलिए किसी को भी छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने बताया कि शहर भर में बड़ी संख्या में पोस्टर लगाए गए थे, जिससे सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था और गंदगी फैल रही थी। इस संबंध में पवन शुक्ला ने जानकारी दी कि सीधी शहर में सांसद, विधायक और अन्य राजनेताओं के कुल 50 से अधिक पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया नगर पालिका द्वारा शुरू की गई है। नगर पालिका की इस निष्पक्ष कार्रवाई को शहरवासियों ने सकारात्मक रूप से लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *