मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मंगलवार को कान्हा नेशनल पार्क के भिलवानी में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जिले में सबसे कम रहा। मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह के समय जिले में घना कोहरा छाया रहा। नदी के आसपास और शहर से बाहर दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम रही। सुबह 9 बजे के बाद भी हल्का कोहरा बना रहा। ओस के कारण कई स्थानों पर सड़कें गीली हो गईं। 10 दिन से पारा 8 डिग्री के करीब पिछले दस दिनों से जिले का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे तीव्र ठंड महसूस की जा रही है। सोमवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। कान्हा नेशनल पार्क के विभिन्न क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सोमवार सुबह कान्हा रेंज का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, किसली में 9.6 डिग्री, भिलवानी में 7.2 डिग्री, सूपखार में 8.5 डिग्री और मुक्की में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तापमान में गिरावट और हल्की हवा के कारण दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है। शाम ढलने के साथ ही ठंड और बढ़ जाती है। पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रहीं मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत के ऊपर लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश के ऊपर मौसम साफ बना हुआ है और आगामी 3-4 दिनों में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। जिले में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। उदाहरण के लिए, 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 8.5°C, 14 दिसंबर को 8.5°C, 13 दिसंबर को 8.2°C, 12 दिसंबर को 7.6°C, 11 दिसंबर को 7.3°C और 10 दिसंबर को 7.0°C दर्ज किया गया था।


