सीधी में ऑटो पलटा, महिला गंभीर घायल:खराब सड़क और गड्ढों के कारण हादसा, चालक फरार

सीधी जिले के ग्राम सोनवर्षा के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार एकमात्र यात्री बिट्टन रावत, निवासी बारी, गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो वाहन सोनवर्षा से सीधी की ओर जा रहा था। सड़क की हालत बेहद खराब थी और उस पर बड़े-बड़े गड्ढे मौजूद थे। तेज गति में चल रहा ऑटो अचानक एक गड्ढे में चला गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। राहगीर पुष्पेंद्र बंसल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क पर गड्ढा होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को ऑटो से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल महिला का एक पैर फ्रैक्चर हो गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां स्वास्थ्यकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं, अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला को अस्पताल लाया गया था। फिलहाल महिला या उसके परिजनों द्वारा किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद ही मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *