सीधी जिले के सिहोलिया ग्राम में सल्फॉस खाने से एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह दो दिनों से अस्पताल में भर्ती था। परिजनों का आरोप है कि पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया। युवक की मौत के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए हैं। दो साल पहले हुई थी शादी मृतक की पहचान प्रवीण उर्फ दादू पांडेय, पिता स्वर्गीय ललन देव पांडेय के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रवीण का विवाह करीब दो वर्ष पहले सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम धानी-पड़री में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दांपत्य जीवन में तनाव बना हुआ था। देखें घटना की 2 तस्वीरें… विवाद के बाद गांव लौटा था युवक परिजनों ने बताया कि कुछ समय पहले प्रवीण की पत्नी मायके चली गई थी। उसे मनाने के लिए प्रवीण ससुराल गया था, जहां विवाद और बढ़ गया। इसके बाद वह अपने गांव सिहोलिया लौट आया। बताया जा रहा है कि वह लगातार मानसिक तनाव में था। इलाज के दौरान हुई मौत शनिवार को उसने सल्फॉस खा लिया। इसके बाद प्रवीण की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल सीधी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे रीवा स्थित संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार दोपहर को उसकी मौत हो गई। वीडियो में सल्फॉस पीते दिखा सोमवार को घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रवीण ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो में वह एक सुनसान जगह पर सल्फॉस पीते दिख रहा है। इस दौरान उसने अपनी पत्नी और सास-ससुर को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में युवक ने कहा- ना मेरे भाई का दोष है, ना भौजाई (भाभी) ना मां का ना मेरे बाप का। मैं जहर खाने जा रहा हूं। कल गया था बुलाने लेकिन मेरे ससुर ने मेरे साथ गाली-गलौज की, इसके बाद मैं बाइक लेकर भाग आया। वह सब करने के लिए तैयार हैं और कहते हैं कि मैं दहेज एक्ट लगवा दूंगा। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजन मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया युवक की मौत की सूचना मिलने पर केस दर्ज किया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


